जिलाधिकारी  द्वारा आज बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र का भ्रमण

पटना. डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज बाढ़ अनुमंडल क्षेत्र का भ्रमण किया गया तथा विकास कार्यों में प्रगति की अद्यतन स्थिति का जायजा लिया गया।

1. निर्माणाधीन बख्तियारपुर-मोकामा 4-लेन पथ तथा बख्तियारपुर-ताजपुर पुल में प्रगति का अवलोकन किया गया। बख्तियारपुर-मोकामा पथ में करनौती के पास केवल रेलवे ओवरब्रिज का काम बचा है। अधिकारियों एवं अभियंताओं को तेजी से कार्य करने का निदेश दिया गया है। जिलाधिकारी ने कहा कि इसे शीघ्र पूरा करते हुए दिसम्बर तक चालू कर दिया जाएगा।

2. बख्तियारपुर में नवनिर्मित मुक्तिधाम का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि यह बनकर तैयार है तथा इसे नगर परिषद बख्तियारपुर को हस्तांतरित कर दिया गया है। अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़ को इसे शीघ्र शुरू कराने का निदेश दिया गया है।

3. जिलाधिकारी ने अथमलगोला प्रखंड के करजान में निर्माणाधीन प्रखण्ड-सह-अंचल कार्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, पिछड़ा एवं अत्यंत पिछड़ा वर्ग आवासीय बालिका उच्च विद्यालय तथा थाना भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्य में अच्छी प्रगति है। तेजी से निर्माण कार्य किया जा रहा है। अधिकारियों एवं अभियंताओं को मार्च, 2025 तक इन सभी कार्यों को पूर्ण करने का निदेश दिया गया है।

4. जिलाधिकारी ने बाढ़ आईटीआई एवं पोलिटेक्निक कॉलेज भवन का निरीक्षण किया। आईटीआई का कार्य पूरा हो गया है। इसका संचालन भी प्रारंभ है। पोलिटेक्निक कॉलेज भवन का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। अधिकारियों एवं अभियंताओं को इसे मार्च, 2025 तक पूरा करने का निदेश दिया गया है।

5. जिलाधिकारी द्वारा बेलछी प्रखंड के निर्माणाधीन प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) तथा थाना भवन के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों एवं अभियंताओं को एक माह के अंदर प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन तथा जून, 2025 तक सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र (सीएचसी) तथा थाना भवन का निर्माण पूरा करने का निदेश दिया गया है।

6. जिलाधिकारी द्वारा करौटा-तेलमर पथ परियोजना का निरीक्षण किया गया। जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को तेजी से मुआवजा भुगतान करने तथा भूमि सुधार उप समाहर्ता, बाढ़ को बकास्त भूमि के रैयती/सरकारीकरण के लंबित मामलों को शीघ्र निष्पादित कर प्रतिवेदन समर्पित करने का निदेश दिया गया।

जिलाधिकारी डॉ. सिंह ने कहा कि जिला में विकासात्मक परियोजनाओं के क्रियान्वयन में अच्छी प्रगति है। आ रही छोटी-मोटी समस्याओं को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी/अपर पुलिस अधीक्षक विशेष रूचि लेकर दूर कर रहे हैं। वे स्वयं भी नियमित तौर पर परियोजना स्थलों का निरीक्षण करते हैं तथा कार्यों में प्रगति का अनुश्रवण करते हैं। यदि कोई व्यवधान रहता है तो उसे दूर भी किया जाता है। जिलाधिकारी ने निदेश दिया कि परियोजनाओं के क्रियान्वयन से संबद्ध अधिकारी एवं कार्यकारी एजेंसी योजनाओं का तत्परता से क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।

इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी, बाढ़; जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, पटना; जिला कल्याण पदाधिकारी, पटना; कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, पटना सिटी; कार्यपालक अभियंता, पथ निर्माण विभाग, गुलजारबाग, पटना सिटी; डीजीएम, बिहार राज्य पुल निर्माण निगम; सीनियर प्रोजेक्ट इंजीनियर, पुल निर्माण निगम; प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, अथमलगोल, बेलछी, बख्तियारपुर, मोकामा एवं अन्य भी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *