
दानापुर. विद्यालय के छात्रों को दुविधाजनक स्थिति के क्रियात्मक समाधान हेतु रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल, पटना ने कक्षा नौवीं से 12वीं के छात्रों के लिए दिनांक 23 सितंबर से 27 सितंबर 2024 तक पाँच दिवसीय कैरियर काउंसलिंग वेबीनार श्रृंखलाओं का आयोजन किया।
इस कैरियर काउंसलिंग वेबीनार में विद्यालय की प्राचार्या मनीषा सिन्हा, कैरियर काउंसिलिंग टीम के आयोजक मनोज कुमार व अद्विता सहित विद्यालय के शिक्षकों ने हिस्सा लिया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य था छात्रों को विभिन्न कैरियर विकल्पों के बारे में जागरूक करना ताकि भविष्य में वे अपने जीवन के निर्णायक मोड़ पर अपनी रुचि और अपनी योग्यता के अनुसार स्वयं कैरियर का चुनाव करने में सक्षम हो सकें।
संगोष्ठियों की पहली श्रृंखला 23 सितंबर 2024 को शुरू हुई। करियर मेला के पहले दिन “अल्युमिनाइ टॉक शो” आयोजित किया गया, जिसमें रेडिएंट इंटरनेशनल के चार सफल पूर्व छात्र पटना हाईकोर्ट के वकील यश रोहण, एन एम सी एच की डॉक्टर सोफिया फातिमा, नैदानिक मनोवैज्ञानिक महवीश और इवेंट मैनेजमेंट में विशेषज्ञता रखने वाले उद्यमी रतनदीप ने अपने चुनिंदा क्षेत्रों की यात्रा और अनुभव को साझा करते हुए छात्रों को प्रेरित किया। सत्र का संचालन विद्यालय के आउटरीच और क्रियाकलाप समन्वयक नभानील ने किया।
यह एक बहुत ही संवादात्मक और जीवंत सत्र था जहां पैनलिस्टों ने अपनी अब तक की यात्रा और भविष्य के लिए अपने दृष्टिकोण को साझा किया। यह सत्र कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के लिए काफ़ी प्रेरक और ज्ञानवर्धक था।
दूसरे दिन दिनांक 24 सितंबर 2024 को कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के छात्रों के लिए प्रसिद्ध संस्थानों से विशेषज्ञ वार्ता आयोजित की गई, जिसमें आईआईटी, आईसीएमआर और आईसीएआई सहित कई प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञों ने विविध कैरियर विकल्पों की जानकारी दी। इस विशेषज्ञ वार्ता सत्र में छात्रों को विभिन्न प्रकार के कैरियर विकल्प और क्षेत्रों के बारे में जानकारी लेने का अवसर मिला। तीसरे दिन कॉलेज मेले में बेनेट यूनिवर्सिटी, आईएसएम, अशोका यूनिवर्सिटी और लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी जैसे 15 शीर्ष विश्वविद्यालयों ने भाग लिया। कॉलेज प्रतिनिधियों ने छात्रों को कॉलेज में प्रवेश, छात्रवृत्ति और शैक्षणिक सत्र संबंधित जानकारी प्रदान की गई। प्रतिनिधियो के साथ बातचीत करने के पश्चात उच्च शिक्षा के बारे में सूचित निर्णय लेने में छात्रों को सशक्त बनाया गया। विश्वविद्यालयों के संसाधन प्रतिनिधियों द्वारा ब्रोशर और संबंधित सूचना पत्रक के साथ स्टॉल लगाए गए थे। छह समूहों में विभाजित छात्रों ने स्टालों का चक्कर लगाया और 5-6 के समूह में पाठ्यक्रम से संबंधित प्रश्न पूछकर अपनी शंकाओं को दूर किया।
चौथे दिन रचनात्मक करियर पर विशेषज्ञ वार्ता आयोजित हुई, जिसमें सीएनएलयू, निफ्ट, आईआईएचएम और अन्य संस्थानों के विशेषज्ञ वक्ताओं ने कानून, फैशन, आतिथ्य और खेल प्रबंधन में करियर के विकल्पों पर चर्चा की। इस सत्र ने छात्रों को रचनात्मक और पेशेवर क्षेत्रों में मूल्यवान अंतर्दृष्टि प्रदान की, जिसमें कैरियर निर्णयों में जुनून और व्यावहारिकता के महत्व पर प्रकाश डाला गया। पाँचवें और अंतिम दिन बोहेमियन करियर अर्थात अपरंपरागत करियर पथ का जश्न मनाया गया जिसमें आरजे सरस (रेडियो जॉकी), शौर्य प्रभाकर (वकील से कैफे मालिक), अनुकूल तिवारी (डिजिटल पत्रकार), सौरव अनुराज (फोटोग्राफर), और सना (फैशन स्टाइलिस्ट) जैसे पेशेवरों ने अपने विचार साझा किए और प्रेरक कहानियाँ बता कर इस सत्र में इस बात पर प्रकाश डाला कि कैसे जुनून को एक सफल करियर में बदला जा सकता है, ताकि छात्रों को पारंपरिक विकल्पों से परे सोचने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके।
करियर मेला 2024 का आयोजन एक जबरदस्त सफलता थी, जिसने छात्रों को विभिन्न करियर पथों का व्यापक दृष्टिकोण प्रदान किया और उन्हें अपने जुनून का पालन करने के लिए प्रेरित किया। विविध गतिविधियों के माध्यम से, रेडियंट इंटरनेशनल स्कूल ने लगातार विकसित हो रही दुनिया में छात्रों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के लिए तैयार करने की अपनी प्रतिबद्धता की पुष्टि की। स्कूल की प्राचार्या मनीषा सिन्हा ने छात्रों से कहा कि मेडिकल और इंजीनियरिंग के पीछे दौड़ने के बजाय छात्रों को इस समय उपलब्ध विविध करियर विकल्पों का चयन कर भविष्य सवां रना चाहिए। उन्होंने अपना बहुमूल्य समय देने वाले अतिथियों एवं प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से जुड़े सभी शिक्षकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।