पटना. पटना जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2024-25 का रंगारंग शुभारंभ सोमवार को स्थानीय पाटलिपुत्र खेल परिसर, कंकड़बाग में धनेश्वरी देवनंदन कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की बैण्ड की धुन पर लगभग 7,000 बालक/बालिका प्रतिभागियों के आकर्षक मार्च पास्ट के साथ हुआ।
खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के तत्वावधान में वार्षिक खेल कार्यक्रम 2024-25 के अन्तर्गत जिला प्रशासन, पटना द्वारा पाँच दिवसीय पटना जिला विद्यालय खेल प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन डाॅ0 चन्द्रशेखर सिंह (भा.प्र.से.), जिला पदाधिकारी, पटना ने प्रतियोगिता का ध्वजारोहण एवं गुब्बारा उड़ाकर किया। उन्होंने अपने संबोधन में खिलाड़ियों को खेल की महत्ता बताते हुए कहा कि इससे न सिर्फ शारीरिक बल्कि मानसिक विकास भी होता है। जीवन में खेल भावना का बहुत महत्व है इसलिए हार-जीत की चिंता को छोड़कर खेलों में खेल भावना के साथ भाग लेने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार लगातार खेलों के बढ़ावा देने हेतु खेल संसाधनों के विकास के साथ-साथ खिलाड़ियों के प्रोत्साहन व सुविधा हेतु लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सरकार ने स्वतंत्र रूप से खेल विभाग का गठन किया है तथा हाल ही में राजगीर में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर का खेल अकादमी व खेल विश्वविद्यालय का लोकार्पण किया गया है। उन्होंने अपने संबोधन में प्रतिभागियों को कहा कि आप सभी देश के भविष्य हैं और आप ही में से कल कोई एशियाड एवं ओलम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व कर सकता है, इसलिए पूरी मेहनत करें।
उद्घाटन अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद संजय कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी, पटना ने प्रतिभागियों की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि यह प्रतियोगिता आपके लिए बेहतर अवसर है, जिससे आप खेलों में अपनी प्रतिभा से पहचान व मुकाम हासिल कर सकते हैं।
सभी अतिथियों का स्वागत ओम प्रकाश, जिला खेल पदाधिकारी, पटना-सह-आयोजन सचिव ने हरित पौधा एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर किया। कार्यक्रम का संचालन अभिषेक कुमार, एन.आई.एस. प्रशिक्षक-सह-शारीरिक शिक्षा शिक्षक, उच्च माध्यमिक विद्यालय, पैनाल ने किया। सभी प्रतिभागियों को खो-खो की राष्ट्रीय खिलाड़ी पुजा कुमारी ने खेलों में नियमों का पालन करने एवं खेल भावना से भाग लेने की शपथ दिलायी। मुख्य अतिथि द्वारा बेहतर बैण्ड प्रदर्शन के लिए धनेश्वरी देवनंदन कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं को पुरस्कृत किया गया।
उद्घाटन अवसर पर लोकेश कुमार झा, जिला सूचना जनसम्पर्क पदाधिकारी, पटना तथा राजेन्द्र कुमार, क्रीड़ा कार्यपालक, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित थे।