पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल द्वारा भारत स्काउट एवं गाइड के 7वें डिस्ट्रिक्ट रैली में ग्रैंड कैम्प फायर का किया गया आयोजन

दानापुर. पूर्व मध्य रेलवे के दानापुर मंडल द्वारा भारत स्काउट एवं गाइड की 7वीं जिला रैली का आयोजन सीनियर सेकेंडरी स्कूल, दानापुर में 22.10.2024 से 26.10.2024 तक किया जा रहा है। यह आयोजन भारत स्काउट एवं गाइड, दानापुर के तत्वावधान में किया जा रहा है।

रैली के ग्रैंड कैम्प फायर एवं शिवरागनी के अवसर पर मुख्य अतिथि राज्य मुख्य आयुक्त सह प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, हाजीपुर शिव कुमार प्रसाद, मंडल रेल प्रबंधक दानापुर जयंत कुमार चौधरी तथा महिला कल्याण संगठन, दानापुर की अध्यक्षा शालिनी चौधरी उपस्थित रहे।

आज रैली में आयोजित प्रदर्शनी का अवलोकन कर, स्काउट एवं गाइड के प्रतिभागी सदस्यों का हौसला बढ़ाया गया। प्रतिभागी टीमों द्वारा शारीरिक दक्षता, पेंटिंग, गीत-संगीत, खानपान और सांस्कृतिक कार्यक्रम के माध्यम से विभिन्न प्रदर्शन किए गए। रैली से संबंधित विभिन्न प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले सदस्यों को पुरस्कृत किया गया और मंडल रेल प्रबंधक एवं महिला कल्याण संगठन, दानापुर की अध्यक्षा द्वारा सभी प्रतिभागी टीमों का उत्साहवर्धन किया गया।

इस रैली में पूर्व मध्य रेल के अंतर्गत दानापुर स्काउट एवं गाइड की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

मुख्य अतिथि राज्य मुख्य आयुक्त सह प्रधान मुख्य वाणिज्य प्रबंधक, हाजीपुर शिव कुमार प्रसाद ने अपने संबोधन में कहा, “मुझे खुशी है कि दानापुर मंडल स्काउट्स एवं गाइड्स संगठन द्वारा आयोजित 7वीं जिला रैली के ग्रैंड कैम्प फायर कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिला है। विशेष रूप से हमारे देश के माननीय प्रधानमंत्री के ‘विकसित भारत-2047’ के आह्वान एवं संकल्प को समर्पित इस रैली का आयोजन निश्चित रूप से एक यादगार आयोजन रहेगा।”

उन्होंने आगे कहा, “दानापुर मंडल स्काउट्स एवं गाइड्स का प्रदर्शन क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर सराहनीय रहा है। यहां के बच्चों ने विभिन्न स्तरों पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में मंडल के साथ-साथ पूर्व मध्य रेल स्काउट्स एवं गाइड्स का भी नाम रोशन किया है।”

मंडल रेल प्रबंधक जयंत कुमार चौधरी ने भी अपने संबोधन में कहा, “बहुत खुशी की बात है कि दानापुर मंडल में स्काउट्स और गाइड्स संगठन द्वारा 7वीं जिला रैली का आयोजन किया गया है। इसके लिए मैं स्काउट्स और गाइड्स की पूरी टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूँ। इस रैली में बच्चों द्वारा प्रदर्शित गैजेट निर्माण, रंगोली, फूड प्लाजा और सांस्कृतिक कार्यक्रम में आपने संपूर्ण दक्षता और अनुशासन का प्रदर्शन किया है, जो काबिले-तारीफ है।”

उन्होंने आगे कहा, “स्काउट्स और गाइड्स से जुड़े कार्यक्रम न केवल बच्चों और युवाओं को नैतिकता और संस्कार सिखाते हैं, बल्कि उन्हें समाज सेवा के प्रति भी प्रेरित करते हैं। यह संगठन युवाओं में आत्मनिर्भरता, सहनशीलता और सहयोग की भावना को बढ़ावा देने का कार्य करता है। स्काउट्स और गाइड्स का उद्देश्य केवल एक अच्छे नागरिक बनाना ही नहीं, बल्कि उन्हें जिम्मेदार और संवेदनशील इंसान बनाना भी है। मुझे पूरा विश्वास है कि यहां उपस्थित सभी युवा, अपने जीवन में इन आदर्शों का पालन करेंगे और समाज के लिए एक प्रेरणा बनेंगे।”

मंडल रेल प्रबंधक ने सभी स्काउट्स और गाइड्स को उनके समर्पण, अनुशासन और कड़ी मेहनत के लिए सराहना की और कहा, “भारत स्काउट्स और गाइड्स हमारे युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व, सेवा भावना और चरित्र निर्माण को बढ़ावा दे रहा है, इसलिए मैं युवाओं से अपील करता हूँ कि वे स्काउट्स और गाइड्स से जुड़ें और अपने व्यक्तित्व निर्माण को एक नई दिशा दें।”

उन्होंने सभी शिक्षकों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों को धन्यवाद देते हुए कहा, “आपने बच्चों को सही मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया है। आपके मार्गदर्शन के बिना यह संभव नहीं होता। यह आयोजन निस्संदेह आपकी शानदार विरासत और गौरवशाली अतीत की अगली कड़ी के रूप में याद किया जाएगा।”

अंत में, उन्होंने सभी को शुभकामनाएं दीं और कहा, “आशा करता हूँ कि आप सभी अपने जीवन में स्काउट्स और गाइड्स के आदर्शों का पालन करते हुए एक उज्ज्वल भविष्य का निर्माण करेंगे।”

आज के कार्यक्रम के दौरान मंडल के अन्य अधिकारी एवं दानापुर महिला कल्याण संगठन की सदस्याएं भी उपस्थित रहीं।

कार्यक्रम का संचालन जिला आयुक्त स्काउट सह वरीय मंडल कार्मिक अधिकारी अशोक कुमार द्वारा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *