दानापुर. दो वर्ष पहले बनकर तैयार हुआ खगौल रोड के आरकेपूरम स्थित साई वाटिका फूल कुंअर पैलेस के ब्लॉक सी व डी लोग अपार्टमेंट में मौजूदा सुविधाओं के अभाव से परेशान हैं. बारिश में अपार्टमेंट परिसर में जल जमाव हो जाने से लोग परेशान रहते है. सबसे खराब स्थिति तो बरसात के समय होती है जब बेसमेंट और पार्किग स्थल में पानी भर जाता है.पैलेस में रहने वाले 60 परिवारों ने बिल्डर के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है.
रविवार को पैलेस में रहने वाले दर्जनों लोगों ने बैठक कर बिल्डर के मनमानी के खिलाफ रेरा व न्यायालय की दरवाजा खटखटा न्याय मांगने के लिए लिखित शिकायत किया जायेगा. लोगों ने पैलेस के बाहर बिल्डर के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी की. पैलेस में रहने वाले रणजीत सिंह, साकेत तिवारी, मनोज सिन्हा, उदयकांत पाठक, मनीष सिंह, सुनील चौधरी, उमेश प्रसाद समेत आदि ने बताया कि आस्तिक विलकॉन प्रा लि. द्वारा 140 फ्लैट का बना यह पैलेस में फिलहाल 60 परिवार रह रहा है.
बिल्डर के एग्रीमेंट के मुताबिक उन्हे पूरा एरिया व फ्लैट सभी सभी सुविधाओं को पूरा करके देना था, परंतु दो वर्षों ने यहां जल निकासी, बिजली, चाहरदीवारी, आग से बचाव एवं अन्य जरूरी कार्य को पूर्ण नहीं किया. बरसात में पूरे पैलेस परिसर व पॉकिंग में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती.
छोटे बच्चे, बुजुर्ग व महिलाएं फ्लैट से बाहर नहीं जा सकते है. अपने घर के अंदर बंद रहने पर मजबूर हो जाती. हद तो तब हो गई है इतना सारा अधूरा कार्य रहने के बावजूद बिहार रेरा के वेबसाइट पर इस परियोजना का कार्य पूर्ण दिखाया जा रहा है, जबकी 40 फीसदी कार्य अधूरा पडा हुआ है. उन्होंने कहा कि जल्द सूचना के अधिकार से रेरा परियोजना की विस्तृत जानकारी मांगेंगे व उच्य न्यायालय में बिल्डर के खिलाफ शिकायत कर न्याय की गुहार लगाएंगे.
अपार्टमेंट के लोगों ने बताया कि बिल्डर ने जो किए वादे वे पूरे नहीं किया गया है. अपार्टमेंट में कुल 140 फ्लैट है. बिल्डर ने जो वादे लोगों के साथ किए वे आज तक पूरे नहीं हुए. लोगों का कहना है कि बिल्डर ने अपार्टमेंट परिसर में चार जेनरेटर लगाने का आश्वासन दिया था, परंतु दो लगाया गया है और विद्युत ट्रांसफार्मर दो के जगह पर एक ही लगाया गया है. गार्ड रूम नही बनाया गया है और पेटिंग का कार्य पूरा नही हुआ है.
5 मंजिला वाला इस पैलेस में कुल 4 लिफ्ट है, परंतु दो लिफ्ट लगाया गया है और लिफ्ट छोटा होने के कारण लोगों को सामान चढ़ाने और उतारने में काफी परेशानी होती है. लोगों ने बताया कि बिल्डर द्वारा अभी तक अग्निशमन उपकरण नही लगाया गया है.