
रेडिएंट इंटरनेशनल स्कूल में 25 जनवरी 2026 को बहुप्रतीक्षित वार्षिक मेला ‘उल्लास’ का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। यह इस भव्य उत्सव का चौथा संस्करण था। इस अवसर पर विद्यालय ने शिक्षा के क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट सेवाओं के 23 वर्ष पूर्ण होने का भी उत्सव मनाया।

इस वर्ष आयोजित वार्षिक मेला की थीम थी “विंटर सन, एंडलेस फन” और पूरे आयोजन ने इस थीम को साकार करके आनंदमय बना दिया। विद्यालय परिसर की रंग-बिरंगी साज-सज्जा, संगीत और उत्साह ने इस वार्षिक मेले को उल्लास से भरे एक जीवंत समारोह के रूप में परिवर्तित कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के वरिष्ठतम शिक्षक मनोज कुमार द्वारा फीता काटकर किया गया, ताकि विद्यालय के प्रति उनके अनवरत योगदान के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया जा सके।

छात्रों, अभिभावकों, पूर्व छात्रों सहित आम नागरिकों के लिए आयोजित इस मेले में 18,000 से अधिक आगंतुकों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिनमें अभिभावक, विद्यार्थी, पूर्व छात्र, रेडियो जॉकी और कंटेंट क्रिएटर्स शामिल थे। ‘उल्लास’ एक ऐसा मेला था जिसमें स्वस्थ मनोरंजन, स्वादिष्ट भोजन और सामाजिक समरसता का एक अद्भुत संगम बन गया था।

35 से अधिक स्टॉलों के माध्यम से मनोरंजन के विभिन्न साधन उपलब्ध थे जो बर्ची से लेकर बड़ों तक का ध्यान अपनी ओर आकर्षित कर रहे थे-झूले, रोचक खेल, कला एवं शिल्प के स्टॉल, सेल्फी पॉइंट्स, ज्यूक बॉक्स संगीत की धुन पर गीत प्रस्तुति के अवसर इन सभी ने लोगों को मनोरंजन का भरपूर आनंद लेने का मौका दिया। इस मेले का एक विशिष्ट आकर्षण था लकी ड्रॉ, जिसमें मिलने वाले अकल्पनीय उपहारों ने बच्चों एवं अभिभावकों सहित विजेताओं को विशेष उत्साह से सराबोर कर दिया।

लोगों ने शहर के प्रसिद्ध, एफएसएसएआई-प्रमाणित रेस्तरां से आए स्वादिष्ट व्यंजनों और ताज़ा पेय पदार्थों के स्वाद का भी आनंद उठाया। चाय-पकौड़ा, व्यक्तिगत पहचान की छाप वाले उपहार, आभूषण, परिधान करियर काउंसलिंग, बैंकिंग सेवाएँ और प्रतिष्ठित प्रकाशकों की पुस्तकों के स्टॉल पूरे दिन खचाखच भरे रहे।

इस मेले के कई आकर्षणों में से एक विशेष आकर्षण था- विद्यालय के चारों सदनों-अशोक, चंद्रगुप्त, कनिष्क और सिद्धार्थ-के विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी। उन्होंने “विंटर सन, एंडलेस फन” थीम पर आधारित खेलों और गतिविधियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता, टीमवर्क और संगठनात्मक कौशल का प्रभावी प्रदर्शन किया। प्राथमिक शाखा एवं जर्मन भाषा के स्टॉल ने भी अपनी नवीनता और अनोखेपन से आगंतुकों का ध्यान अपनी ओर आकृष्ट किया।

मनोरंजन के साथ-साथ ‘उल्लास’ अनुभवात्मक सीख का भी सशक्त मंच बना, जहाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व कौशल, सहयोग, सृजनात्मकता और प्रबंधन कौशल का विकास हुआ जो विद्यालय की समय शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करता है। सामाजिक उत्तरदायित्व की परंपरा को निभाते हुए विद्यालय ने घोषणा की कि मेले से प्राप्त आय सामाजिक कार्यों में संलग्न एक स्वयंसेवी संस्था को दान की जाएगी।

यह आयोजन विद्यालय की प्राचार्या सुश्री मनीषा सिन्हा के सक्षम नेतृत्व और मार्गदर्शन में सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। उनके कुशल निर्देशन से पूरे कार्यक्रम का संचालन सुचारु रूप से हुआ।
उल्लास और उमंग से भरे इस दिन का समापन मुस्कुराहटों, मधुर स्मृतियों और सुदृढ़ सामुदायिक भावना के साथ हुआ, जिससे ‘वार्षिक मेला उल्लास, 2026’ एक अविस्मरणीय उत्सव के रूप में परिणत हो गया।